आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 34 पेटी अवैध मदिरा जब्त : महू-ब में मकान पर दबिश, 324 बल्क लीटर शराब बरामद; करीब 1.54 लाख रुपये कीमत
SANDEEP SEN Editor
Fri, Aug 21, 2026
इंदौर। जिले में अवैध मदिरा के विक्रय और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में महू-ब वृत्त क्षेत्र में आबकारी विभाग की टीम ने सनराइज टाउन, बंजारी स्थित एक मकान पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के आदेश तथा सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कंट्रोलर श्री देवेश चतुर्वेदी और डिप्टी कंट्रोलर श्री मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार वृत्त महू-ब के प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री पवन टीकेकर को मुखबिर से अवैध मदिरा के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर आबकारी उपनिरीक्षक श्री राजेश वट्टी के नेतृत्व में टीम ने सनराइज टाउन, बंजारी स्थित मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मौके से लंदन प्राइड व्हिस्की की 4 पेटी, लिमाउंट बीयर की 6 पेटी, देसी मदिरा प्लेन की 16 पेटी तथा देसी मदिरा मसाला की 8 पेटी बरामद हुईं।
कुल 34 पेटी अवैध मदिरा जब्त की गई, जिसकी मात्रा 324 बल्क लीटर बताई गई है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 लाख 54 हजार 160 रुपये है।
आबकारी विभाग ने मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। विभाग द्वारा शराब के स्रोत और अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में मुख्य आरक्षक ओमप्रकाश राठौड़ एवं रवि बघेल, आरक्षक सावन सिसोदिया एवं राशि सोलट का सराहनीय योगदान रहा। आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन