धार नगर पालिका के स्टोर का ताला टूटा : गोपनीय दस्तावेज़ों के गायब होने से उठे कई सवाल
Jitendra Chouhan Reporter
Wed, Dec 10, 2025
धार। नगर पालिका में बुधवार सुबह स्टोर विभाग में हुई चोरी की घटना ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना उस समय सामने आई है जब नगर पालिका की अनियमितताओं और कथित भ्रष्टाचार को लेकर विधानसभा में ध्यानाकर्षण के माध्यम से जवाब मांगा गया है। इसके साथ ही जनसुनवाई में भी 10 बिंदुओं पर शिकायतें दर्ज की गई थीं, जिनकी फाइलें कलेक्टरेट अधिकारियों द्वारा मांगी गई थीं।
सूत्रों के अनुसार, पार्षद सारिका अजयसिंह ठाकुर द्वारा आरटीआई के माध्यम से मांगी गई कई जानकारियों का उत्तर नगर पालिका ने निर्धारित समय में नहीं दिया था, जिसके बाद उनकी ओर से अपील दायर की गई थी। ठीक उसी अवधि में चोरी की घटना ने पूरे मामले को और संदिग्ध बना दिया है।
पीछे के दरवाजे से घुसा चोर, गोपनीय दस्तावेज़ हुए गायब
जानकारी के मुताबिक अज्ञात चोर पीछे के उस दरवाजे को तोड़कर भीतर घुसा जो सामान्यतः अंदर से बंद रहता है। इसके बाद उसने स्टोर रूम का ताला तोड़ा, और अंदर स्थित अलमारियों को खंगालते हुए कई फाइलें अस्त-व्यस्त कर दीं। प्रारंभिक जांच में गोपनीय दस्तावेज़ों के चोरी होने की आशंका जताई जा रही है।
दो घंटे तक अधिकारी घटनास्थल से नदारद, FIR भी दर्ज नहीं
चौंकाने वाली बात यह है कि संबंधित अधिकारी द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को घटना की सूचना देने के बाद भी लगभग दो घंटे तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इतना ही नहीं, स्थानीय थाने में घटना की एफआईआर दर्ज कराने को लेकर भी कोई पहल नहीं की गई। इस लापरवाही ने अधिकारियों की भूमिका पर संदेह को और गहरा कर दिया है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यह घटना महज चोरी नहीं, बल्कि महत्वपूर्ण दस्तावेजों को हटाने की सुनियोजित कोशिश हो सकती है।

नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि पहुँचे मौके पर
घटना की जानकारी लगते ही नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि, प्रवक्ता तथा पार्षद प्रतिनिधि अजय डॉ. मनोहरसिंह ठाकुर (एड.) और पार्षद ईश्वर ठाकुर मौके पर पहुंचे और निरीक्षण कर संपूर्ण स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना और समय का मेल कई शंकाओं को जन्म देता है।
उन्होंने यह भी कहा कि दस्तावेज़ों के गायब होने की आशंका तथा अधिकारियों का देर से पहुँचना यह संकेत देता है कि मामले में अंदरूनी सहयोग से इंकार नहीं किया जा सकता।

कड़ी जांच की मांग
स्थानीय नागरिकों और पार्षद प्रतिनिधियों ने शासन से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और नगर पालिका में मौजूद दस्तावेज़ों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
Tags :
Jitendra Chauhan
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन