108 ग्राम पंचायतों में एक साथ जल संरचनाओं का पुनर्जीवन : देपालपुर में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ की शुरुआत,
SANDEEP SEN Editor
Fri, Mar 20, 2026

देपालपुर। जल संकट से निपटने और भूजल स्तर को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत देपालपुर में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत व्यापक स्तर पर विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान जनपद की सभी 108 ग्राम पंचायतों में एक साथ प्रारंभ हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में जल संरक्षण को लेकर जनजागरूकता और सक्रियता का माहौल बन गया है।
अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में स्थित पारंपरिक जल स्रोतों—बावड़ी, तालाब, कुएँ, चेकडैम और नदियों—की साफ-सफाई, गहरीकरण, मरम्मत एवं पुनर्जीवन का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। इसके साथ ही वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यकतानुसार नई जल संरचनाओं के निर्माण की कार्ययोजना भी तैयार की गई है।
जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती पूजा मालाकार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्षों से उपेक्षित जल स्रोतों को पुनर्जीवित कर उनकी क्षमता बढ़ाना और भविष्य में संभावित जल संकट से क्षेत्र को सुरक्षित करना है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते जल संरक्षण पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले वर्षों में स्थिति गंभीर हो सकती है, इसलिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
यह विशेष अभियान 19 मार्च 2026 से 30 जून 2026 तक लगातार संचालित किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक ग्राम पंचायत में श्रमदान, जनभागीदारी और विभागीय समन्वय के माध्यम से जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
जनपद पंचायत द्वारा सभी सरपंच, सचिव, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और इसे जन आंदोलन का रूप दें। अधिकारियों का मानना है कि जनसहभागिता के बिना इस तरह के अभियानों की सफलता संभव नहीं है।
अभियान की मॉनिटरिंग के लिए जनपद स्तर से सहायक यंत्री दर्पण कनोजिया, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र गांगले एवं सहायक लेखा अधिकारी जितेंद्र शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रहे कार्यों का सतत निरीक्षण कर रहे हैं।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत गंगाजलखेड़ी के सुमठा रोड स्थित तालाब में जल संवर्धन कार्य प्रारंभ किया गया, वहीं ग्राम पंचायत झलारिया में चेकडैम के आसपास व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इन कार्यों में स्थानीय ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक श्रमदान कर अभियान को मजबूती प्रदान की।
जल गंगा संवर्धन अभियान के जरिए देपालपुर जनपद में जल संरक्षण की दिशा में एक सशक्त पहल देखने को मिल रही है, जो आने वाले समय में क्षेत्र के लिए जल सुरक्षा की मजबूत नींव साबित हो सकती है।

Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन