नवदंपतियों को मिला आर्थिक संबल : देपालपुर जनपद पंचायत में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 83 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन संपन्न
SANDEEP SEN Editor
Fri, Jan 23, 2026
देपालपुर। शुक्रवार को जनपद पंचायत द्वारा श्री चौबीस अवतार मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत एक भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें 83 नवयुगल दम्पत्तियों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन सामाजिक समरसता, आर्थिक सहयोग और पारंपरिक मूल्यों का सशक्त उदाहरण बना।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक मनोज पटेल रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश मालवीय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भारत पटेल, सांसद प्रतिनिधि मोहन कच्छावा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राकेश मोहन त्रिपाठी, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती पूजा मालाकार सैनी, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुमानसिंह पंवार, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मोहनलाल ननवाना, भरत आंजना, सत्यनारायण पटेल, तकेसिंह, सहायक यंत्री दर्पण कनोजिया, जनपद पंचायत सहायक लेखाधिकारी जितेन्द्र शर्मा, एपीओ राजेंद्र गांगले, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात सरपंच संघ, सचिव संघ, रोजगार सहायक संघ एवं जनपद पंचायत के कर्मचारियों द्वारा मुख्य अतिथि विधायक मनोज पटेल का पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
विवाह सम्मेलन में आचार्य राजेश शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 83 नवदंपतियों का विवाह विधिवत रूप से संपन्न कराया गया। विवाह स्थल पर पारंपरिक साज-सज्जा, मंडप व्यवस्था एवं अनुशासित आयोजन ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान शासन की योजना के अंतर्गत 83 नवविवाहित दम्पत्तियों को 49 हजार रूपए के सांकेतिक बैंक चेक प्रदान किए गए, जिससे उन्हें नवजीवन की शुरुआत में आर्थिक सहयोग मिल सके। इस अवसर पर अतिथियों ने वर-वधुओं को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखी, समृद्ध एवं सफल दांपत्य जीवन की कामना की।
मुख्य अतिथि विधायक मनोज पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिससे बेटियों के विवाह में आर्थिक बोझ कम हुआ है और समाज में सकारात्मक संदेश जा रहा है। उन्होंने योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए जनपद पंचायत प्रशासन की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर जनपद पंचायत प्रशासन द्वारा सभी अतिथियों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन