एसपी मयंक अवस्थी की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण : धार पुलिस लाइन में जनरल परेड, बलवा ड्रिल और स्वास्थ्य परीक्षण का व्यापक आयोजन
SANDEEP SEN Editor
Sat, Dec 6, 2025
धार। जिले की पुलिस लाइन में शुक्रवार 05 दिसंबर 2025 को अनुशासन, सतर्कता और पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन करते हुए नियमित जनरल परेड, बलवा ड्रिल और पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण का विस्तृत आयोजन पुलिस अधीक्षक श्री मयंक अवस्थी की विशेष उपस्थिति में सम्पन्न किया गया। प्रत्येक शुक्रवार होने वाली परेड के क्रम में आज आयोजित कार्यक्रम में परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक पुरुषोत्तम बिश्नोई एवं उप कमांडर सूबेदार रोहित निकम के नेतृत्व में पुलिस बल ने उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया।
परेड की विधिवत सलामी पुलिस अधीक्षक श्री अवस्थी ने ली। उन्होंने परेड ग्राउंड पर उपस्थित सभी प्लाटूनों का एक-एक कर निरीक्षण किया और गठन, अनुशासन तथा प्रशिक्षण स्तर का मूल्यांकन किया। इसके बाद प्लाटून कमांडरों द्वारा क्रमवार स्क्वाड ड्रिल का प्रदर्शन कराया गया, जिसमें पुलिस जवानों की फुर्ती, तालमेल और प्रशिक्षण की गुणवत्ता देखने को मिली।
कानून-व्यवस्था की जटिल परिस्थितियों से निपटने और भीड़ नियंत्रण की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से आज विशेष बलवा ड्रिल (रायट कंट्रोल ड्रिल) भी कराई गई। इस प्रशिक्षण का नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी पुलिस – सरदारपुर श्री विश्वदीप सिंह परिहार ने किया। ड्रिल में दंगा-रोधी वाहनों योद्धा, वज्र, रुद्र के उपयोग, टीयर गैस चालन, भीड़ को तितर-बितर करने की रणनीति तथा दंगा-निरोधक उपकरणों के प्रभावी संचालन का अभ्यास कराया गया। थानों से आए बल को टीयर गैस एम्यूनेशन का विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, जिससे वास्तविक परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
ड्रिल के बाद क्वार्टर गार्ड पर गार्ड द्वारा औपचारिक सलामी दी गई, जिसने पूरे आयोजन को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया।
परेड के उपरांत पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण का सत्र आयोजित किया गया। चिकित्सकों की टीम ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन, ऊँचाई सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की तथा व्यक्तिगत मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श (प्रिस्क्रिप्शन) प्रदान किए। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मयंक अवस्थी पूर्ण समय उपस्थित रहे और पुलिसकर्मियों को स्वस्थ एवं फिट रहने के लिए प्रेरित किया।
आज आयोजित कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक धार श्री आनंद तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा (भापुसे), अअपु धामनोद श्रीमती मोनिका सिंह सहित धार, धामनोद एवं सरदारपुर के थाना प्रभारी अपने-अपने बल के साथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने जिले की पुलिस की तैयारी, अनुशासन और सतर्कता को और मजबूत बनाने का संदेश दिया।
Tags :
Dhaar police
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन