म.प्र. माध्यम के प्रबंध संचालक बने मनीष सिंह : मुख्यमंत्री निवास पर सौजन्य भेंट, मनीष सिंह को मिली जनसंपर्क विभाग की कमान
SANDEEP SEN Editor
Sat, Feb 14, 2026

भोपाल। डॉ. मोहन यादव से शनिवार को नवपदस्थ आयुक्त (जनसम्पर्क) एवं प्रबंध संचालक, मप्र माध्यम श्री मनीष सिंह ने मुख्यमंत्री निवास पर सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर प्रदेश में जनसंपर्क गतिविधियों को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने को लेकर सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री सिंह को नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना जनसंपर्क विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि विभाग आधुनिक तकनीक, नवाचार और त्वरित संवाद प्रणाली के माध्यम से आमजन तक सही एवं प्रमाणिक जानकारी पहुँचाने में अग्रणी भूमिका निभाएगा। इससे पूर्व नवपदस्थ आयुक्त जनसम्पर्क एवं प्रबंध संचालक, मप्र माध्यम श्री मनीष सिंह ने जनसंपर्क संचालनालय पहुँचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने विभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा आगामी रणनीति पर प्रारंभिक चर्चा की। इस अवसर पर जनसंपर्क आयुक्त दीपक सक्सेना ने नवागत आयुक्त श्री मनीष सिंह का पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। श्री सक्सेना ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री सिंह के नेतृत्व में विभाग नई ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा तथा शासन की नीतियों, कार्यक्रमों एवं जनहितकारी पहलों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करेगा। नवपदस्थ आयुक्त श्री मनीष सिंह ने कहा कि जनसंपर्क विभाग शासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करता है। उन्होंने विभागीय टीम के सहयोग से जनसंपर्क तंत्र को और अधिक सशक्त, त्वरित एवं जन-केंद्रित बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे प्रदेश में जनसंचार एवं सूचना प्रसारण व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन