बम निरोधक दस्ता ट्रक से भिड़ा : सागर में बम निरोधक दस्ता का वाहन ट्रक से भिड़ा, चार जवानों की मौके पर मौत
Ajay Jain Reporter
Wed, Dec 10, 2025
मध्य प्रदेश। सागर जिले के नेशनल हाईवे-44 पर बांदरी के पास बुधवार सुबह पुलिस वाहन और कंटेनर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में मुरैना पुलिस के बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) के 4 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है जिसे बंसल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सभी जवान बालाघाट से नक्सल विरोधी अभियान की ड्यूटी पूरी कर वापस मुरैना लौट रहे थे।
हादसा बांदरी थाना क्षेत्र के झिंझनी घाटी पर हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ड्राइवर और जवान गाड़ी के अंदर ही फंस गए। पुलिस वाहन (MP 03A 4883) आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से वाहन को काटकर शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों का पंचनामा बनाकर बांदरी अस्पताल भेजा गया।
डॉग मास्टर और ड्राइवर समेत इनकी हुई मौत
हादसे में जान गंवाने वाले जवानों की पहचान आरक्षक 501 प्रद्युम्न दीक्षित, आरक्षक 458 अनिल कौरव, प्रधान आरक्षक 291 परमाल सिंह तोमर (तीनों मुरैना निवासी) और डॉग मास्टर विनोद शर्मा (भिंड निवासी) के रूप में हुई है। हादसे में आरक्षक राजीव चौहान (निवासी मुरैना) गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि टीम के साथ मौजूद डॉग सुरक्षित है।
30 अक्टूबर को बालाघाट गई थी टीम
जानकारी के अनुसार, मुरैना पुलिस की यह बीडीएस टीम और डॉग स्क्वॉड बालाघाट में नक्सल विरोधी अभियान के लिए 30 अक्टूबर 2025 को गई थी। वहां से ड्यूटी खत्म कर टीम आज (10 दिसंबर) मुरैना वापस लौट रही थी, लेकिन रास्ते में ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर से भिड़ंत हो गई।
मुरैना से अधिकारी सागर रवाना
हादसे की खबर मिलते ही मुरैना पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। मुरैना पुलिस की ओर से डीएसपी महेश शर्मा और बीडीएस प्रभारी टीआई देवेंद्र यादव तत्काल सागर के लिए रवाना हो गए हैं।
Tags :
सागर पुलिस
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन